सैफई : एसएस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल एवं सुघर सिंह शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज सैफई में संयुक्त रूप से शुक्रवार को जसवंतनगर से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का जन्मदिन समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम लोगों ने सहभागिता की
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके बाद विधायक शिवपाल सिंह यादव के चित्र पर केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
विज्ञान प्रदर्शनी एवं रक्तदान शिविर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. रामशंकर यादव रहे। विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा एक से कक्षा 12 तक के करीब 500 छात्र-छात्राओं ने मॉडल और प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक समझ और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

रक्तदान शिविर का आयोजन सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के रक्त विभाग की टीम द्वारा किया गया। शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य एसएन यादव एवं राजेश राजपूत सहित शिक्षकों ने रक्तदान किया। इस दौरान डॉ. राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने रक्त संग्रह किया, जबकि डॉ. विक्रम सिंह ने रक्तदान के महत्व पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कार्यवाहक प्रबंधक कर्मराज यादव एवं दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने अतिथियों का स्मृति चिह्न और शॉल पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक द्विजकांत बिंदु, विज्ञान प्रवक्ता श्रीकृष्ण यादव, के आर गर्ल्स इंटर कॉलेज की विज्ञान प्रवक्ता प्रीति यादव सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
