सैफई : ग्राहकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता होगी। शाखा में आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने और बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यह बात भारतीय स्टेट बैंक की हैवरा शाखा के नवागत शाखा प्रबंधक ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कही। भारतीय स्टेट बैंक की हैवरा शाखा में पूर्व शाखा प्रबंधक अवनीश यादव के जिला मुख्यालय स्थानांतरण के बाद देवेंद्र कुमार ने शाखा प्रबंधक का कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर बैंक की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और बेहतर ग्राहक सेवा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं तथा स्वयं सहायता समूहों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक कर बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाया जाएगा।
देवेंद्र कुमार मूल रूप से इटावा जनपद के निवासी हैं। इससे पूर्व वह भारतीय स्टेट बैंक की जसवंतनगर, बकेवर और इकदिल शाखाओं में सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद उनकी तैनाती वाराणसी और सोनभद्र में रही। सोनभद्र से स्थानांतरित होकर उन्हें भारतीय स्टेट बैंक की हैवरा शाखा का शाखा प्रबंधक बनाया गया है। कार्यभार ग्रहण करने पर शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
