सैफई : ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में सैफई में एक और प्रयास पूरा हुआ। पंजाब नेशनल बैंक किसान प्रशिक्षण केंद्र, सैफई में आयोजित 30 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को सौंदर्य प्रसाधन से जुड़े कार्यों की बारीक जानकारी दी गई, ताकि वे घर से या छोटे स्तर पर ब्यूटी पार्लर शुरू कर सकें। अंतिम दिन ट्रीटमेंट आधारित फेसियल, मेकअप और सौंदर्य देखभाल से संबंधित थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी कराया गया। प्रशिक्षिका प्रेमता यादव ने प्रतिभागियों को कार्य के दौरान साफ-सफाई, सही तकनीक और उत्पादों के चयन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में गुणवत्ता और ग्राहक की संतुष्टि सबसे अहम होती है, इसलिए हमेशा मानक और ब्रांडेड उत्पादों का ही प्रयोग किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक विपिन यादव ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अब तक केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर कई लोग स्वरोजगार शुरू कर चुके हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे महिलाओं और युवाओं को प्रशिक्षण के लिए आगे आने को प्रेरित करें, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। इस दौरान बैंक की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई और प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें सौंदर्य प्रसाधन के क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी मिली है, जिससे भविष्य में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
कार्यक्रम में रवि कुमार, मिथलेश, आशा यादव के अलावा प्रशिक्षण में शामिल रहीं सन्ध्या, अल्पना, सोनम यादव, प्रिया सहित कुल 22 प्रतिभागी मौजूद रहीं।
