सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) रमाकांत यादव ने कहा कि अनुशासन, नैतिक मूल्य और परिश्रम ही विद्यार्थी के भविष्य की सबसे मजबूत नींव हैं। वे फैकल्टी ऑफ़ फार्मेसी में बी.फार्मा और एम.फार्मा—2025 बैच की फ्रेशर्स पार्टी में नव-प्रवेशित छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फार्मेसी शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से जुड़ा क्षेत्र है, जहां नैतिकता को हमेशा सर्वोपरि रखना चाहिए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

इसके मौके पर छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, फैशन शो और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। डीन डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि नियमित अध्ययन और समयबद्धता से ही फार्मेसी जैसे तकनीकी विषय में उत्कृष्टता पाई जा सकती है। वहीं एसोसिएट डीन डॉ. योगेश चंद यादव ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना की और उन्हें बेहतर भविष्य हेतु प्रेरित किया। फ्रेशर्स पार्टी में मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। बी.फार्मा वर्ग में मिस्टर फ्रेशर अमन कुमार और मिस फ्रेशर अविशा अवस्थी चुने गए। एम.फार्मा में मिस्टर फ्रेशर का खिताब आकाश प्रजापति और मिस फ्रेशर का खिताब प्रीति ने प्राप्त किया। बेस्ट परफॉर्मर का सम्मान सुजल राठौर और प्रियंशी यादव को दिया गया।

सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वित्त नियंत्रक जगरोपन राम, डीन मेडिकल प्रो. डॉ आदेश कुमार,चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एस.पी. सिंह, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अमित सिंह, फार्मेसी संकाय सदस्य तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
