सैफई : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सैफई में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार और उससे जुड़े बड़े आर्थिक समूह देश व प्रदेश के संसाधनों को लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे अंग्रेज ईस्ट इंडिया कंपनी आई और देश को सोने की चिड़िया कहकर लूट कर चली गई, वैसे ही आज भाजपा के संरक्षण में कुछ बाहरी ताकतें विशेषकर गुजराती कारोबारी प्रदेश के विकास के बड़े हिस्सों पर कब्जा कर रही हैं। पहले जिन कामों से स्थानीय लोग जुड़ते थे, अब वही काम बाहर के लोगों को दिए जा रहे हैं; इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है और इससे सचेत रहने की सख़्त ज़रूरत है।
शिवपाल ने कार्यकर्ताओं से कहा, आप लोगों को बहुत सचेत रहने की जरूरत है। सचेत रहकर ही वोट बनेगा। आप लोग सचेत रहें, अपना-अपना वोट अवश्य बनवाएं। अब एक ही वोटर लिस्ट से सभी चुनाव होंगे, इसलिए वोट अवश्य बनवाएं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से हाथ उठवाकर संकल्प कराया और कहा कि जिसे भी जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाए। यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या अनियमितता मिलती है तो तत्काल प्रभारी टीम को सूचित किया जाए ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। उन्होंने भाजपा पर तीखे शब्दों में हमला करते हुए कहा कि यह एक बेईमान व्यवस्था है जो जनता के हित में काम नहीं कर रही, सिर्फ़ झूठे प्रचार से अपनी नुमाइश कर रही है। उन्होंने कहा कि नेताओं और विभागों में पारदर्शिता लाना तथा स्थानीय युवाओं, मजदूरों और संसाधनों का हक़ सुनिश्चित करना आवश्यक है। शिवपाल ने उपस्थित पदाधिकारियों से बूथवार सतर्कता बढ़ाने, घर-घर जाकर मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने और विशेषकर 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
