सैफई (इटावा): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को सैफई से लखनऊ लौटते समय सैफई ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरौली खुर्द पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व प्रधान संजीव उर्फ संजू यादव के आवास पर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को दीपावली की बधाई दी।

अखिलेश यादव ने इस दौरान कुछ समय रुककर चाय-नाश्ता किया और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से पूरी जिम्मेदारी के साथ जुट जाना चाहिए।

बताते चलें कि संजीव यादव समाजवादी पार्टी के एक सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ता माने जाते हैं। सपा प्रमुख जब भी सैफई से लखनऊ जाते या आते हैं, तो हवाई पट्टी तिराहे के समीप स्थित संजीव यादव के आवास पर रुककर कुछ समय जरूर व्यतीत करते हैं। अखिलेश यादव के अचानक आगमन से गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आसपास के लोगों की भीड़ पूर्व प्रधान के घर के बाहर जमा हो गई। संजीव यादव ने सपा प्रमुख के स्नेह और विश्वास पर आभार जताते हुए कहा कि हम जैसे छोटे से प्रधान के यहां राष्ट्रीय नेतृत्व का आना हमारे लिए गर्व की बात है। यह समाजवादी पार्टी की उस परंपरा को दर्शाता है जिसमें हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जाता है।
