सैफई : पंचायत चुनाव समय से न होने की आशंका के बीच सैफई ब्लॉक क्षेत्र के प्रधानों ने त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग उठाई है। मंगलवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित प्रधान संगठन की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई और बाद में उपजिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

बैठक प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष पवन यादव प्रधान सहसारपुर एवं ब्लॉक अध्यक्ष राधाकृष्ण यादव प्रधान गीजा के नेतृत्व में संपन्न हुई, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ प्रधान प्रयाग सिंह यादव ने की। बैठक में क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक प्रधान मौजूद रहे और पंचायतों के कार्यकाल समाप्त होने से उत्पन्न होने वाली स्थिति पर चिंता जताई।
बैठक के बाद प्रधानों ने सामूहिक रूप से उपजिलाधिकारी सैफई सिद्धार्थ चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 एवं 19 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है, जबकि वर्तमान परिस्थितियों में समय से चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है।

जिला अध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में देरी, पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन न होना और ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण चुनाव समय से होना कठिन है। ऐसी स्थिति में निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाना ही लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में होगा।
ब्लॉक अध्यक्ष राधाकृष्ण यादव ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। यदि बीच में प्रशासकों को जिम्मेदारी दी जाती है तो विकास कार्य प्रभावित होंगे। इसलिए सरकार को जनहित में वर्तमान प्रधानों को ही कार्य करने का अवसर देना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ प्रधान प्रयाग सिंह यादव ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय भी निर्वाचित संस्थाओं की निरंतरता पर जोर देता है। ऐसे में कार्यकाल बढ़ाना एक व्यावहारिक और संवैधानिक विकल्प है, जिससे गांवों में प्रशासनिक स्थिरता बनी रहेगी।

भदेई काशीपुर के प्रधान बलराम सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश के अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में भी निर्वाचित प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी जारी रखनी चाहिए। इससे जनता का विश्वास कायम रहेगा और योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित नहीं होगा।

बैठक में अतिराजपुर से अरुणेंद्र ‘नीलू’ यादव, ग्राम पंचायत हरदोई के प्रधान सर्वेश यादव बाबा,झिगूपुर से अभिषेक यादव, बघुईया से राकेश यादव, खरदूली से ईश्वरी प्रसाद, हीरापुर से राहुल यादव, फूलापुर से पंकज यादव, नगला सुभान से सुनील ठाकुर, उझियानी से करन सिंह, नरोहली से भूप सिंह, लरखोर से रामअवतार, छिमारा से सियाराम, छितौनी से सुखवीर तथा बिरौली बैदपुरा से विवेक, कथुआ से प्रेम सिंह, जाफरपुर एव रनुआ सहित अन्य प्रधान मौजूद रहे।
प्रधानों ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि जनहित, संवैधानिक व्यवस्था एवं लोकतांत्रिक निरंतरता को ध्यान में रखते हुए त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्णय लिया जाए।
