सैफई : विश्व कौशल दिवस पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सैफई में बुधवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशिक्षुओं ने तकनीकी मॉडल प्रस्तुत कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या मंजू सिंह ने की। मुख्य अतिथि सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव शिशुपाल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा किसान नेता शैलेंद्र कुमार रहे। अतिथियों ने विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार मॉडलों का अवलोकन किया।
फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन और फैशन डिजाइनिंग सहित विभिन्न ट्रेडों के छात्र-छात्राओं ने अपने मॉडल प्रदर्शित किए। अतिथियों ने प्रशिक्षुओं की तकनीकी दक्षता और नवाचार की सराहना की।
मुख्य अतिथि शिशुपाल सिंह ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से तकनीकी शिक्षा का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या मंजू सिंह ने कहा कि विश्व कौशल दिवस का उद्देश्य युवाओं में कौशल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू करने वाले प्रशिक्षार्थियों को भी सम्मानित किया गया। फैशन डिजाइनिंग ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना बुटीक संचालित कर रहीं वैष्णवी और मोहिनी को प्रधानाचार्या ने स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों छात्राओं की सफलता अन्य प्रशिक्षुओं के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
