सैफई : क्षेत्र के मानिकपुर हरदोई गांव में एक राजकीय ठेकेदार के फार्म हाउस की छत पर सीढ़ी लगाकर पहुंचे अज्ञात लोगों ने ऊपरी कमरे का एल्युमिनियम का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया। घटना में कोई सामान चोरी नहीं हुआ। पीड़ित ने इसे जानलेवा हमले की कोशिश बताते हुए हवाई पट्टी पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मानिकपुर हरदोई निवासी अजय पाल सिंह उर्फ विनोद कुमार यादव राजकीय निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदार हैं। उन्होंने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के बाहर सड़क किनारे उनका फार्म हाउस बना हुआ है। उनका आवास इटावा शहर में है, लेकिन वह 10-15 दिन के अंतराल पर फार्म हाउस के ऊपरी कमरे में अकेले रात्रि विश्राम करने आते हैं। आरोप है कि 13 जुलाई की रात अज्ञात लोग सीढ़ी लगाकर फार्म हाउस की छत पर चढ़ गए और ऊपर बने कमरे के एल्युमिनियम के मुख्य दरवाजे को तोड़ दिया। घटना में कोई सामान चोरी नहीं हुआ और न ही कमरे से कोई वस्तु गायब मिली। दरवाजा टूटा मिलने पर उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। अजय पाल सिंह का कहना है कि जिस तरह से छत पर चढ़कर सीधे उस कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, उससे प्रतीत होता है कि आरोपितों की मंशा चोरी नहीं थी। यदि वह उस रात कमरे में मौजूद होते तो उनके साथ कोई गंभीर घटना हो सकती थी। इसी आधार पर उन्होंने जानलेवा हमले की आशंका जताते हुए हवाई पट्टी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हवाई पट्टी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
