सैफई : मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने में सफल रहा है। राजगीर (बिहार) में आयोजित जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। शानदार खेल के दम पर रोमित पाल और नीतीश यादव का चयन जूनियर इंडिया कैंप के लिए किया गया है, जो संस्थान और क्षेत्र दोनों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
एक अप्रैल से 12 अप्रैल तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने दमदार भागीदारी की। टीम में सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज के छह खिलाड़ियों मे रोमित पाल, नीतीश यादव, शिवम यादव, प्रदीप यादव, सुनील पाल और किसलय को मौका मिला। टूर्नामेंट के दौरान इन खिलाड़ियों ने न केवल टीम संयोजन को मजबूती दी, बल्कि अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन से भी अलग पहचान बनाई।
प्रतियोगिता के बाद चयन समिति ने प्रदर्शन के आधार पर रोमित पाल और नीतीश यादव को जूनियर इंडिया कैंप के लिए चुना। यह कैंप 19 अप्रैल से 25 मई तक भोपाल में आयोजित होगा, जहां देशभर के चुनिंदा खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसी कैंप के आधार पर 29 मई से 6 जून तक जापान में होने वाले जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय टीम का अंतिम चयन किया जाएगा।
प्रधानाचार्य सर्वेंद्र सिंह चौहान ने खिलाड़ियों की इस सफलता को संस्थान की अनुशासित प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज लगातार प्रतिभाओं को निखारने का काम कर रहा है और आने वाले समय में यहां से और भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचेंगे।
ओलंपियन कोच एमपी सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को वर्तमान अंतरराष्ट्रीय हॉकी के अनुरूप ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसमें स्पीड, फिटनेस और गेम सिचुएशन पर विशेष फोकस किया जाता है। वहीं हॉकी प्रशिक्षक डॉ. मो. जियाउर्रहमान ने कहा कि खिलाड़ियों की फिजिकल कंडीशनिंग और स्किल डेवलपमेंट को वैज्ञानिक तरीके से विकसित किया जा रहा है। कोच रणधीर सिंह के अनुसार, खिलाड़ियों की तकनीक, पोजिशनिंग और गेम रीडिंग को लगातार बेहतर किया जा रहा है।
