सैफई: ग्राम नगला किशोरी में सह खातेदार द्वारा गेहूं की खड़ी फसल दबंगई से काटे जाने के आरोप को लेकर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दबंग पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक के दम पर पीड़ित के घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें मां बेटे के सिर में चोट आई है, जबकि दो अन्य के हाथ में चोटें आई हैं।

ग्राम नगला किशोरी निवासी राजेश कुमार पुत्र स्व. सिपाहीराम ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव के ही अरविंद उर्फ संजीव, रजत, दीक्षा, सरिता व चार अज्ञात लोगों ने उसके हिस्से की गेहूं की खड़ी फसल काट ली। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे और कुछ ही देर बाद घर पर चढ़ आए।
आरोप है कि रजत लोहे की रॉड लेकर पहुंचा और उसने दुर्वेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वहीं अनीता के सिर में भी चोट आई। अन्य दो लोगों के हाथ में चोटें आई हैं। घटना के दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई।
घायल दुर्वेश ने बताया कि उनके ही पक्ष से चार लोग घायल हुए हैं और वह पीड़ित हैं। उसने बताया कि चार दिन पहले ही थाने में शिकायती पत्र दिया गया था, जिसमें सह खातेदार द्वारा कंबाइन मशीन से गेहूं की खड़ी फसल काटे जाने की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

दुर्वेश के अनुसार, घटना के दौरान उसने उप निरीक्षक सुमन पाल को फोन कर जानकारी दी। ऑडियो भी वायरल हो रही है, जिसमें वह बार-बार कह रहा है कि दबंग घर में घुसकर हमला कर रहे हैं, खून बह रहा है और तत्काल मौके पर पहुंचा जाए, लेकिन थाने से फोर्स नहीं पहुंची।
बाद में डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वह खुद हमले का शिकार हैं, इसके बावजूद पुलिस ने उनके ही पक्ष के तीन लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई कर दी, जबकि आरोपित पक्ष से सिर्फ एक व्यक्ति पर कार्रवाई की गई।
पीड़ित का कहना है कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई कर देती तो यह घटना टल सकती थी। प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते मामला बढ़कर हिंसक हो गया।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
