सैफई : ब्लॉक के सभी सफाई कर्मचारियों ने एकजुट होकर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया है। हमारा उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित कराना है। यह कहना था नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष शिवसिंह शाक्य का, जिन्होंने कहा कि संगठन अब ब्लॉक स्तर पर और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की सैफई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन शनिवार को खंड विकास अधिकारी गौरव पुरोहित की अध्यक्षता और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) इम्तियाज अतहर की उपस्थिति में किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन करते हुए संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष राजीव वाल्मीकि ने कहा कि सफाई कर्मचारी पंचायत व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके वेतन, सुरक्षा उपकरण, मानदेय, कार्यस्थल की समस्याओं और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। जिला संरक्षक वीरेंद्र सिंह वाल्मीकि ने कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही कर्मचारियों की आवाज को शासन तक पहुंचाएगी।

सर्वसम्मति से गठित कार्यकारिणी में शिवरतन कठेरिया को ब्लॉक संरक्षक, संजीव कुमार वाल्मीकि को ब्लॉक प्रभारी, शिवसिंह शाक्य को ब्लॉक अध्यक्ष, पुषपाल सिंह वाल्मीकि को ब्लॉक मंत्री और उपदेश शाक्य को ब्लॉक कोषाध्यक्ष चुना गया। बृजेश कुमार वाल्मीकि को ब्लॉक कार्यवाहक अध्यक्ष और सहदेव सिंह शाक्य को ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ब्लॉक उपाध्यक्ष पद पर धनीराम यादव, गंभीर सिंह यादव, बृजेश कुमार, प्रियरतन शाक्य और विमलेश कुमार को चुना गया। सुशील कुमार पाल को उपमंत्री, बिनोद कुमार यादव को ब्लॉक सलाहकार, होरी लाल जाटव को संगठन मंत्री, संतोष कुमार प्रजापति को उप संगठन मंत्री और विपिन कुमार वाल्मीकि को ब्लॉक संप्रेक्षक बनाया गया। राजेंद्र कुमार राठौर और उपेंद्र कुमार यादव को ब्लॉक सदस्य नामित किया गया।

महिला मोर्चा का भी गठन किया गया, जिसमें सुनीता देवी को अध्यक्ष, ममता को मंत्री, आरती वाल्मीकि को कार्यवाहक अध्यक्ष, ओमवती सविता को उप मंत्री और शिवकुमारी को उपाध्यक्ष चुना गया। राधा को ब्लॉक सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष और जिला संरक्षक ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खंड प्रेरक रश्मि बाथम और कंप्यूटर ऑपरेटर कुलदीप शाक्य सहित सभी अतिथियों को पुष्पमालाएं पहनाकर और शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रशासन के समक्ष रखेगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। सभी को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं भी दी गईं।
