सैफई : न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को कथित शराब मामले में निर्दोष करार दिए जाने के बाद विधानसभा जसवंतनगर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। थाना वैदपुरा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर निर्णय का स्वागत किया।
कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विधानसभा जसवंतनगर के पूर्व प्रत्याशी ज्ञानेश यादव, जिला अध्यक्ष संजीव शाक्य, उप जिला अध्यक्ष मनोज यादव सहित राहुल कुमार, अखिलेश कुमार, अजय कुमार, अमन दुबे, बॉबी, सौरभ शाक्य, अभिषेक शर्मा, रिंकू, महादेव सिंह व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व प्रत्याशी ज्ञानेश यादव ने कहा कि न्यायालय का यह निर्णय लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष की भावना से लगाए गए आरोप अंततः टिक नहीं सके और सच सामने आया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयमित तरीके से खुशी मनाने और संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष संजीव शाक्य ने भी कहा कि यह फैसला पार्टी के लिए उत्साहवर्धक है और इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से जश्न मनाया गया। पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। जिला इटावा इकाई की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर एकजुटता का संदेश दिया।
