सैफई (इटावा): जवाहर नवोदय विद्यालय समहों इटावा की कक्षा 10वीं की मेधावी छात्रा सुरुचि यादव ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नवोदय विद्यालय समिति (लखनऊ संभाग) द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय शामली में 20 से 22 जुलाई 2026 तक आयोजित ‘रीजनल जूडो मीट 2026’ में सुरुचि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इसके साथ ही उन्हें पूरी प्रतियोगिता में उनके बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट जूडोका अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया है।

सैफई क्षेत्र के गांव संतोषपुर परसना निवासी सुरेश यादव की सुपुत्री सुरुचि यादव ने इस प्रतियोगिता में अंडर-19 आयु वर्ग के -48 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया था। तीन दिनों तक चली इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में सुरुचि ने अपने रणनीतिक दांव-पेच से प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर पहला स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
सुरुचि की इस स्वर्णिम सफलता में उनकी पीटी शिक्षिका बीना शर्मा के कुशल मार्गदर्शन और कड़े प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही है। यह पहली बार नहीं है जब सुरुचि ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो, इससे पहले वर्ष 2025 में भी वह स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) में जूडो खिलाड़ी के रूप में अपनी चमक बिखेर चुकी हैं।
संतोषपुर परसना की बेटी की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे गांव, परिजनों और जेएनवी समहों परिवार में खुशी का माहौल है। पिता सुरेश यादव और उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सुरुचि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
