सैफई : भारत स्काउट एवं गाइड जनपद इटावा के तत्वावधान में बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत खंड शिक्षा अधिकारी सैफई के निर्देशन में ब्लॉक स्तरीय स्काउट गाइड प्रतियोगिता रैली 2025 का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय बौराईन में किया गया। रैली का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग भावना और प्रकृति से जुड़कर जीवन जीने की कला का विकास करना रहा।
रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी नवाब वर्मा ने किया। उन्होंने उपस्थित स्काउट और गाइड को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट गाइड केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र कला है। यह बच्चों को प्रकृति के निकट रहकर आत्मनिर्भर, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने से समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले नागरिक तैयार होते हैं। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के टेंट लगाकर, पिरामिड निर्माण कर तथा बिना बर्तन के भोजन तैयार कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों की रचनात्मकता, टीम वर्क और आत्मनिर्भरता को देखकर उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने विजेता टीमों को मेडल पहनाकर और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। रैली में प्रथम स्थान उच्च प्राथमिक विद्यालय बौराईन की टीम ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान उच्च प्राथमिक विद्यालय हीरापुर और तृतीय स्थान उच्च प्राथमिक विद्यालय लछवाई की टीम को मिला।
इस अवसर पर जिला स्काउट मास्टर अचूक त्रिपाठी, निवर्तमान ब्लॉक स्काउट मास्टर कमलेश कांत, ब्लॉक स्काउट मास्टर अनुपम कौशल, निधि गुप्ता, हरिओम कश्यप, जयपाल सिंह, मंजू भदोरिया, सुरेखा सक्सेना, अंजना प्रजापति, नितिन दुबे, सुनील कुमार, होम सिंह सहित कई शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापिका मंजू भदोरिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
