सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में सोमवार शाम ऑपरेशन के बाद एक वरिष्ठ महिला प्रोफेसर का निधन हो गया। घटना से विश्वविद्यालय परिसर में शोक का माहौल बन गया।
पैथोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पिंकी पांडेय का स्वास्थ्य कुछ समय से खराब चल रहा था। वह गॉल ब्लैडर में स्टोन की समस्या से पीड़ित थीं। उपचार के दौरान पैंक्रियाटाइटिस की जटिलता सामने आने पर उनका इलाज गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में ही शल्य चिकित्सा कराई गई।
सुबह विश्वविद्यालय के सीएमएस एवं सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एसपी सिंह की यूनिट द्वारा ऑपरेशन किया गया, लेकिन शाम करीब आठ बजे उनकी हालत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनकी आयु करीब 47 वर्ष बताई जा रही है।
प्रोफेसर पिंकी पांडेय पिछले लगभग दस वर्षों से विश्वविद्यालय में सेवाएं दे रही थीं। उन्होंने पैथोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यभार संभाला था और वर्तमान में विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थीं। वह ब्लड बैंक प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रही थीं।
मंगलवार सुबह 11:30 बजे कानपुर के भगवतदास घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पति प्रोफेसर आलोक कुमार दीक्षित विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक एवं फार्माकोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। घटना पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर अजय सिंह, प्रति कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर रमाकांत यादव, डीन मेडिकल प्रोफेसर डॉक्टर आदेश कुमार, कुलसचिव दीपक वर्मा तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अमित सिंह सहित अन्य अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने शोक व्यक्त किया।
