सैफई : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार की देर रात लगभग 8:30 बजे लखनऊ से सैफई पहुंचे, जहां पार्टी कार्यालय परिसर में उनके स्वागत के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। खुले ग्राउंड में बनाए गए मंच पर “श्रद्धेय नेताजी : एक शाम नेताजी के नाम” शीर्षक से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सपा मुखिया अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ शामिल हुए। मंच पर सभा के लिए कुर्सियां सजाई गई थीं और नेताजी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा। कलाकारों ने मुलायम सिंह यादव के संघर्ष, त्याग और समाजवादी विचारधारा को केंद्रित कर कई गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव आवास के लिए रवाना हो गए।

इधर, नेताजी की जयंती को लेकर सांसद डिंपल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सहित यादव परिवार के सभी सदस्य एक दिन पहले से ही सैफई में रुके हुए हैं। सुबह सभी ने महोत्सव ग्राउंड स्थित समाधि पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और नेताजी को नमन किया।
सुबह से दोपहर तक सैफई में श्रद्धांजलि देने वालों का लगातार आना-जाना लगा रहा। विभिन्न गांवों, कस्बों और जिलों से पहुंचे लोगों ने नेताजी की प्रतिमा और समाधि पर पुष्प अर्पित किए। स्कूलों, संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और कार्यकर्ताओं के समूहों ने भी पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई इटावा जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव के छोटे भाई आर्यन यादव की शादी 25 नवंबर को सैफई में आयोजित की जा रही है। शादी की तैयारियां तेज गति से चल रही हैं, जिसमें सुरक्षा प्रबंधन, जनरलों की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बताया गया है कि पूरी तैयारियों की निगरानी स्वयं अखिलेश यादव द्वारा की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव अपने पूरे परिवार के साथ 26 नवंबर तक सैफई में ही रहेंगे, जहां जयंती से जुड़े कार्यक्रम के साथ शादी समारोह की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करते रहेंगे।
