सैफई : जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए रविवार को एसएस मेमोरियल स्कूल सैफई में कार्यशाला आयोजित की गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर के विधायक शिवपाल सिंह यादव की मौजूदगी में एसआईआर इटावा जिले के प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं पर चरणबद्ध मार्गदर्शन दिया।

प्रभारी ने बूथ स्तर पर घर-घर सत्यापन, फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 की प्रविष्टियों, ब्लू पेज की संरचना और संबंधित कॉलमों में जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया को प्रोजेक्टर स्क्रीन के माध्यम से व्यवहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना ही एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य है, इसलिए प्रत्येक प्रविष्टि पूरी सावधानी और तथ्यात्मक आधार पर दर्ज की जाए।

कार्यशाला में विकास खंड सैफई के दस सेक्टरों के अंतर्गत आने वाले 99 बूथों में नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा पते व अन्य प्रविष्टियों के संशोधन की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं, बसरेहर ब्लॉक के 60 बूथों से जुड़े पदाधिकारियों ने भी पुनरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके साथ ही बताया गया कि जसवंतनगर ब्लॉक के 164 बूथों पर कार्यशाला पूर्व में ही सम्पन्न हो चुकी है। रविवार को सैफई स्थित सत्र सुबह 9 बजे से 12:30 बजे तक आयोजित हुआ। इसके बाद दोपहर 1 बजे से चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज, हैवरा में ताखा ब्लॉक के 129 बूथों के पदाधिकारियों के साथ कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अभियान की एकरूपता, प्रपत्रों के समयबद्ध संकलन और सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम का संचालन समाजवादी पार्टी जसवंतनगर विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान रामनरेश यादव ने किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर की जिम्मेदारियां स्पष्ट हैं और प्रत्येक पदाधिकारी को प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करना होगा, ताकि मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित हो सके।
