सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में नर्सिंग एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित विंटर नर्सिंग प्रीमियर लीग रोमांचक मुकाबलों के बाद संपन्न हुई। फाइनल में ब्लैक माम्बा टीम ने एलाइट ईगल को मात देकर खिताब अपने नाम किया। कप्तान शंकर यादव की ताबड़तोड़ 55 रनों की पारी टीम की जीत का आधार बनी।
टूर्नामेंट में नर्सिंग कैडर की कुल आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला 16 नवंबर को खेला गया। एलाइट ईगल के कप्तान सत्यम शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। ब्लैक माम्बा ने निर्धारित ओवरों में 142 रन बनाए, जिसमें शंकर यादव की 37 गेंदों पर 55 रनों की पारी सबसे अहम रही। जवाब में एलाइट ईगल की टीम 93 रन पर सिमट गई।
टूर्नामेंट के ‘मैन ऑफ द सीरीज़’ अजय नर्सिंग ऑफिसर चुने गए। बेस्ट फील्डर ओवेस और बेस्ट बॉलर अविनाश रहे।
फाइनल के बाद कुलपति ने विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूती देते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, आपसी मेल-जोल और भाईचारे को भी बढ़ाते हैं। विश्वविद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए नियमावली बनाई जाएगी, ताकि स्वास्थ्यकर्मी तनावमुक्त होकर बेहतर कार्य कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग अधीक्षक, एसोसिएशन अध्यक्ष सतेंद्र चौधरी, महामंत्री संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष अनमोल रत्न सहित नर्सिंग संवर्ग मौजूद रहा।
