सैफई :लंबित समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर लेखपालों ने शनिवार को तहसील परिसर सैफई में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया। धरने से पहले लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी इटावा को सौंपा।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सीडीओ अजय गौतम, एसडीएम सैफई सिद्धार्थ चौधरी और सीओ केपी सिंह फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी बीच लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष अनूप यादव और तहसील अध्यक्ष संजीव यादव अपनी पूरी टीम के साथ पहुंचे और मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा।

लेखपालों ने ज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता में संशोधन, पदोन्नति, वेतनमान उन्नयन तथा विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी की मांग की है। उनका आरोप है कि पदोन्नति, डीपीसी, स्टेशनरी भत्ता, मोटरसाइकिल भत्ता और विशेष वेतन भत्ता जैसी प्रमुख मांगों पर विभाग कई वर्षों से कार्रवाई नहीं कर सका है, जिससे फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लेखपालों ने बताया कि करीब तीन हजार लेखपाल 500 से 1000 किलोमीटर दूर पोस्टिंग के चलते अपने परिवारों से अलग रहकर तनाव झेल रहे हैं। वर्ष 2018 के शासनादेश के अनुसार अंतरजनपदीय स्थानांतरण सूची आज तक जारी नहीं की गई, जिससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है।
तहत यह भी कहा गया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद राजस्व निरीक्षक पदों पर चयन हेतु वर्ष 2025–26 की डीपीसी प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है।
इन्हीं समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को सभी लेखपाल तहसील परिसर में एकजुट होकर धरने पर बैठ गए।
धरने में मौजूद कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष अनूप यादव, तहसील अध्यक्ष संजीव यादव, तहसील मंत्री अमित यादव, पूर्व तहसील अध्यक्ष सुखवीर सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
