सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को गति देते हुए प्रशासन ने लैब संवर्ग के 38 टेक्निकल अफसरों को सीनियर टेक्निकल अफसर पद पर पदोन्नत किया है। डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (डीपीसी) की संस्तुति के बाद जारी इस निर्णय से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद मंगलवार को यूपीयूएमएस एम्प्लॉइज एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कुलपति डॉ. अजय सिंह का एवं कुलसचिव दीपक वर्मा का मलयार्पणकर अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. अजय सिंह ने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन पारदर्शी व्यवस्था, योग्यता आधारित पदोन्नति और कर्मचारियों के कैरियर उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि दायित्वों और जवाबदेही में वृद्धि का अवसर है। पदोन्नत कर्मचारी अपनी दक्षता और अनुभव से विश्वविद्यालय की चिकित्सा, शिक्षण तथा अनुसंधान सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि संस्थान की निरंतर प्रगति के लिए प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा प्रशासन भविष्य में भी पात्र कार्मिकों के हितों का संरक्षण करते हुए नियमानुसार आवश्यक निर्णय लेता रहेगा।
एम्प्लॉइज एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि कुलपति डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण कर रहा है। उनकी सकारात्मक सोच और संवेदनशील कार्यशैली से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है तथा विश्वविद्यालय में बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित हुई है।
