सैफई : प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैफई क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में ही आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर लगाए गए कैंपों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को योजना का लाभ लेने के लिए बाहर न जाना पड़े।
यह अभियान सीएमओ डॉक्टर बृजेंद्र कुमार के निर्देशन में तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैफई के अधीक्षक डॉक्टर सुनील कुमार यादव की देखरेख में संचालित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देशों के क्रम में योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार इलाज के अभाव में वंचित न रह जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर सुनील कुमार यादव ने बताया कि इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला सुभान, हैवरा क्षेत्र के रायनगर, छिमारा, वैदपुरा हरदोई, परासना, महोला सहित अन्य गांवों में सीएचओ की तैनाती कर नियमित रूप से आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं।
अधीक्षक के अनुसार जिन परिवारों के राशन कार्ड में छह सदस्य दर्ज हैं, वे आयुष्मान योजना के अंतर्गत पात्र हैं। इसके साथ ही 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बुजुर्ग भी योजना का लाभ ले सकते हैं। ऐसे सभी पात्र लोगों से अपील की गई है कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे कैंपों में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं और योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि जो लोग सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैफई आकर आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहते हैं, उनके लिए केंद्र पर आयुष्मान मित्र की तैनाती की गई है, जहां आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है।
इसके अलावा पात्र लाभार्थियों की सुविधा के लिए राशन कोटा डीलरों की दुकानों पर भी बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था की गई है। लोग राशन लेने के दौरान वहीं पर आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ ले सकते हैं।
फोटो – डॉ सुनील यादव
