सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद गांधी और शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा कि गांधी और शास्त्री जी का जीवन सादगी, सत्य, अनुशासन और समर्पण का संदेश देता है। इन आदर्शों को आत्मसात कर ही राष्ट्र और समाज की प्रगति संभव है।

उन्होंने विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जैसे अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय प्राप्त करती है, वैसे ही विश्वविद्यालय का उद्देश्य मरीजों को उत्तम और सस्ता इलाज उपलब्ध कराना है।

प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) रमाकांत ने कहा कि विश्वविद्यालय “सशक्त नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत लगातार स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, जांच शिविर और रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। उन्होंने इस राष्ट्रीय पहल में विश्वविद्यालय की सक्रिय भूमिका का उल्लेख किया।

समारोह का संचालन डॉ. राजमंगल, डॉ. सिद्धार्थ और डॉ. सुगंधी शर्मा ने किया। इस अवसर पर एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. पी. सिंह, संकायाध्यक्ष डॉ. आदेश कुमार समेत विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।
