सैफई : एजीओआई उत्तर प्रदेश राज्य सम्मेलन 2025 में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के स्त्री एवं प्रसूति विभाग ने अपने उत्कृष्ट शोध कार्य और शैक्षणिक प्रदर्शन से पूरे प्रदेश में विश्वविद्यालय का परचम लहराया। मौखिक शोध प्रस्तुतियों में विभाग के तीन संकाय सदस्यों ने शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाई, बल्कि राज्य स्तर पर अपनी अकादमिक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन भी किया।

वरिष्ठ संकाय श्रेणी में डॉ. प्रगति द्विवेदी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि कनिष्ठ संकाय श्रेणी में डॉ. सारिका ने स्वर्ण और डॉ. आकांक्षा शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया। विभागीय उपलब्धियों का यह सिलसिला विश्वविद्यालय में उत्साह का विषय बना हुआ है। संकाय सदस्यों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व और विभागध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कल्पना कुमारी के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। डॉ. प्रगति द्विवेदी ने बताया कि एसोसिएशन ऑफ गायनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (एजीओआई) स्त्रीरोग संबंधी कैंसर विशेषकर गर्भाशय व अंडाशय कैंसर के शोध, रोकथाम, शीघ्र पहचान और उन्नत उपचार पद्धतियों पर कार्य करने वाला देश का प्रमुख संगठन है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में मिली सफलता स्त्री एवं प्रसूति विभाग में चल रहे उच्चस्तरीय शोध की पुष्टि करती है। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में विश्वविद्यालय की डॉ. नूपुर मित्तल, डॉ. वैभव कांति और डॉ. सोनिया विश्वकर्मा ने भी पैनल डिस्कशन में सक्रिय भागीदारी निभाई और विशेषज्ञ दृष्टिकोण साझा किए। इनके विचारों को प्रतिभागियों ने विशेष रूप से सराहा। कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने राज्य स्तरीय सम्मेलन में विश्वविद्यालय को मिले सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक मजबूती और अनुसंधान क्षमता का प्रमाण है।
