सैफई: सहकारी ग्राम विकास बैंक सैफई शाखा के प्रतिनिधि पद के लिए पहली बार कराई गई मतदान प्रक्रिया में समाजवादी पार्टी ने एकतरफा जीत दर्ज की। सुबह से लेकर मतगणना तक पूरे घटनाक्रम में सपा का दबदबा स्पष्ट रूप से नजर आया, जबकि भारतीय जनता पार्टी हाशिये पर सिमटती दिखी।

चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया सुबह 8: बजे शुरू होकर शाम 4: बजे तक चली। आजादी के बाद यह पहला अवसर था, जब सहकारी ग्राम विकास बैंक सैफई शाखा के प्रतिनिधि पद के लिए मतदाताओं ने सीधे अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसको लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी मतदान करने पहुंचे। उन्होंने वैध मतपत्र पर मुहर लगाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव स्वयं मौके पर पहुंचे और मतदान केंद्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से प्रक्रिया की जानकारी ली, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और मतदाताओं से भी बातचीत की। इसके अलावा एसडीएम न्यायिक सैफई, सीओ केपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक सैफई भूपेंद्र राठी एवं बसरेहर प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। पूरे मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

मतदान समाप्त होने के बाद शाम 4: बजे के बाद मतगणना शुरू की गई। गिनती के दौरान जो तस्वीर सामने आई, वह पूरी तरह एकतरफा रही। कुल 456 मत समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र यादव टिन्नी के पक्ष में पड़े, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लाखन सिंह कों मात्र 5 मत ही प्राप्त हुए।
इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी लाखन सिंह बनाए गए थे, लेकिन मतदान के दिन न तो प्रत्याशी और न ही कोई एजेंट मतदान केंद्र पर मौजूद रहा, जिसको लेकर दिनभर राजनीतिक चर्चाएं होती रहीं।
गौरतलब है कि नामांकन के दिन भाजपा ने पूरी ताकत दिखाई थी। उस दौरान पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य एवं जिला अध्यक्ष अन्नू गुप्ता समर्थकों के काफिले के साथ सैफई पहुंचे थे, जिससे मुकाबला रोचक माना जा रहा था। हालांकि मतदान और मतगणना के नतीजों ने नामांकन के समय दिखाई गई सक्रियता को पूरी तरह झुठला दिया।
परिणाम घोषित होते ही समाजवादी पार्टी समर्थकों में उत्साह देखा गया, जबकि भाजपा खेमे में निराशा साफ नजर आई।
