तीन वर्ष बाद विश्वविद्यालय को मिला स्थायी कुलसचिव
सैफई : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई को लंबे इंतजार के बाद स्थायी कुलसचिव मिल गया है। शासन द्वारा नियुक्त किए गए पीसीएस अधिकारी दीपक वर्मा ने बुधवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलसचिव पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्हें विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी केवी अग्रवाल द्वारा कार्यभार सौंपा गया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद कुलसचिव दीपक वर्मा ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. अजय सिंह से शिष्टाचार भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने प्रतिकुलपति प्रोफेसर डॉ. रमाकांत यादव, वित्त निदेशक जगरोपन प्रसाद निषाद, डीन प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. एसपी सिंह तथा चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. अमित सिंह से भी मुलाकात की और विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली।

पत्रकारों से बातचीत में कुलसचिव दीपक वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय एक प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान है और इसे प्रशासनिक रूप से और अधिक सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, समयबद्ध कार्यप्रणाली और शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से व्यवस्थाओं को बेहतर दिशा दी जाएगी।
42 वर्षीय दीपक वर्मा वर्ष 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। दीपक वर्मा ने कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 2019 में पीसीएस चयन के बाद उनकी पहली तैनाती हरदोई में डिप्टी कलेक्टर के रूप में हुई थी। इसके बाद वे अंबेडकरनगर और सुलतानपुर में सेवाएं दे चुके हैं। जुलाई 2024 से वे प्रतापगढ़ में उप जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे, जहां से उनका तबादला कुलसचिव के पद पर किया गया है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से स्थायी कुलसचिव का पद रिक्त चल रहा था। तत्कालीन कुलसचिव पीसीएस अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद खाली हो गया था। इस दौरान कभी प्रभारी व्यवस्था तो कभी प्रशासनिक प्रभार के तहत कार्य संचालित होता रहा। हाल के दिनों में कुलपति प्रोफेसर डॉ. अजय सिंह ने शासन स्तर पर स्थायी कुलसचिव की नियुक्ति की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया था। 23 दिसंबर को शासन के नियुक्ति अनुभाग-2 द्वारा जारी आदेश के तहत दीपक वर्मा को जनहित में तत्काल प्रभाव से प्रतापगढ़ से स्थानांतरित करते हुए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के कुलसचिव पद पर तैनात किया गया था।
