सैफई (इटावा) : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में शल्य चिकित्सा विभाग के गुदा-मलाशय क्लिनिक (एनोरेक्टल क्लिनिक) का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर डॉ. अजय सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के तहत महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस क्लिनिक की शुरुआत की गई है। यहां महिलाओं सहित अन्य मरीजों को गुदा और मलाशय संबंधी बीमारियों का आधुनिक उपचार मिलेगा और उनकी निजता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

कुलपति ने कहा कि इस क्लिनिक से रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी और मरीजों को अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा देखभाल का लाभ प्राप्त होगा।
शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि गुदा-मलाशय क्लिनिक में बवासीर, फिशर, फिस्टुला, फिस्टुलोमा और गुदा प्रोलैप्स जैसी गंभीर बीमारियों का निदान और उपचार किया जाएगा। यह क्लिनिक गुदा, मलाशय और आसपास की मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेष चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा।

क्लिनिक के नोडल अधिकारी डॉ. राम लखन ने बताया कि हर शुक्रवार दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक इसका संचालन किया जाएगा। इस दौरान मरीजों को एनोरेक्टल बीमारियों की अत्याधुनिक जांच, परामर्श और जरूरत पड़ने पर शल्य चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में संकायाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. आदेश कुमार, प्रोफेसर डॉक्टर सोबेद्र पाल सिंह, प्रोफेसर डॉक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान, डॉ राजेश वर्मा,आदि संकाय सदस्य और मेडिकल छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
