सैफई : नगला बरी और नगला राठौर के बीच गुरु ज्ञान आश्रम के सामने सोमवार दोपहर एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर झूलता मिला। मृतक की पहचान नगला बरी निवासी उमेश यादव 30 बर्षीय पुत्र विश्राम सिंह के रूप में हुई है। युवक ने मोटी रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना से गांव और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उमेश यादव सोमवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने गुरु ज्ञान आश्रम के पास आम के पेड़ पर उसका शव लटकता देखा। मवेशी चरा रहे लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। सूचना पर सैफई थाना प्रभारी भूपेंद्र राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
स्वजनों के अनुसार उमेश दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसकी तीन वर्षीय पुत्री भी है। घटना के समय पत्नी अपने मायके में थी। परिजन आत्महत्या के पीछे कोई ठोस वजह नहीं बता सके। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
