सैफई : मुख्यमंत्री उद्यमी युवा योजना के तहत 15 से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण और किसानों को करोड़ों रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराकर भारतीय स्टेट बैंक की हैवरा शाखा ग्रामीण क्षेत्र में बैंकिंग योजनाओं के क्रियान्वयन का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। धनुवा से लेकर बिलदा पुल तक के दर्जनों गांवों के किसान और युवा इसी शाखा के दायरे में आते हैं। वित्तीय वर्ष 2025–26 में हैवरा शाखा के माध्यम से मुख्यमंत्री उद्यमी युवा योजना के तहत अब तक 15 से अधिक युवाओं को बैंक क्रेडिट स्वीकृत किया गया है। योजना के तहत ग्रामीण युवाओं ने छोटे स्तर पर दुकान, सर्विस यूनिट और अन्य स्वरोजगार से जुड़े कार्य शुरू किए हैं। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया बैंक की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार की जा रही है।
हैवरा शाखा के शाखा प्रबंधक अवनीश यादव ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड ग्रामीण अर्थव्यवस्था की अहम कड़ी है। शाखा के माध्यम से बड़ी संख्या में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए हैं, जिनकी कुल क्रेडिट सीमा करोड़ों रुपये में है। इससे किसानों को खेती के लिए समय पर धन उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़े ऋण की वसूली को लेकर शाखा स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों से संपर्क कर समय पर भुगतान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि आगे चलकर बैंकिंग सुविधाओं में किसी तरह की दिक्कत न आए।
शाखा प्रबंधक ने कहा कि किसानों को गोल्ड लोन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। बैंक में सोना गिरवी रखकर ऋण लेने पर ब्याज दर कम रहती है और प्रक्रिया पारदर्शी होती है, जिससे जरूरत के समय कम लागत पर धन उपलब्ध हो जाता है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमी युवा योजना के साथ-साथ शाखा के माध्यम से अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी लिए जा रहे हैं और पात्र लाभार्थियों को तय प्रक्रिया के तहत लाभ दिया जा रहा है।
