मुचेहरा में स्वर्गीय राम बहादुर मिश्रा की 92वीं पुण्यतिथि पर शिवपाल सिंह यादव ने जरूरतमंदों गरीबों को बांटे कंबल
सैफई : पूर्व मंत्री एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में गरीब, किसान, मजदूर और पत्रकारों की कहीं सुनवाई नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और आम आदमी लगातार परेशान हो रहा है।
शिवपाल सिंह यादव यह बातें सैफई के मुचेहरा गांव में नेताजी मुलायम सिंह यादव के बाल सखा रहे स्वर्गीय राम बहादुर मिश्रा की 92वीं जयंती पर आयोजित कंबल वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उनके हाथों करीब एक हजार से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दस साल पूरे होने के बाद भी गरीब और किसान के लिए कोई ठोस योजना जमीन पर दिखाई नहीं दे रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार में बनी जनहित की योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया या उन्हें निष्क्रिय बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज थाना, तहसील और राजस्व विभागों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है। दाखिल-खारिज और घरोनी के नाम पर खुलेआम वसूली की जा रही है। पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय किसानों को राहत देने के लिए राजस्व व्यवस्था में सुधार किया गया था, ताकि उन्हें अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें और घर बैठे न्याय मिल सके। ग्राम समाज की भूमि पर वर्षों से बने मकानों को मालिकाना हक देने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार में इस प्रक्रिया को भ्रष्टाचार का जरिया बना दिया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल चुनिंदा लोगों के हित में काम कर रही है, जबकि गरीब, किसान और नौजवान लगातार उपेक्षित हैं। कार्यकर्ताओं से उन्होंने समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक देश से गरीबी खत्म नहीं होगी, समाजवादी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी। कार्यक्रम में स्वर्गीय राम बहादुर मिश्रा को याद करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मिश्रा जी नेताजी मुलायम सिंह यादव के बचपन के मित्र और संघर्ष के साथी थे। जसवंतनगर क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा। सैफई ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मिश्रा के निधन के बाद उनके पुत्र आलोक मिश्रा समाज सेवा और पार्टी संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को कंबल वितरण कर गरीबों की सेवा करना, स्वर्गीय राम बहादुर मिश्रा की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि है।
कंबल वितरण का आयोजन आलोक मिश्रा “लालू” द्वारा किया गया था। इस अवसर पर आलोक मिश्रा ‘लालू’, समाजसेवी देवेश पचौरी, विधायक प्रतिनिधि ठाकुर अजेन्द्र सिंह गौर, सपा जिला सचिव जितेंद्र यादव ‘मोना’, छात्र सभा जिला अध्यक्ष रवि विधायक, छात्र सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष खन्ना यादव, सैफई के प्रधान रामफल बाल्मीकि, सपा नेता हाकिम सिंह यादव, मानिक चंद यादव, संतोष शाक्य, अंजार अहमद, अंशुल मिश्रा, दीपक मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, सत्यवीर यादव सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिवपाल सिंह यादव का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान हंसराम राजपूत (कायमगंज) ने अपनी नर्सरी से 10 पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
