सैफई : उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर तहसील सैफई के ग्राम लछवाई में प्रशासन ने तालाब के पास अवैध कब्जाधारियों की संरचनाओं को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। एसडीएम सैफई सिद्धार्थ चौधरी के नेतृत्व में तहसीलदार जावेद अंसारी, क्षेत्रीय लेखपाल अनूप यादव, राजस्व निरीक्षक राजेश यादव, बलबीर सिंह,सुखबीर यादव और भारी पुलिस बल के साथ कार्यवाही की गई।

अधिकारियों के पहुंचते ही ग्रामीण विरोध पर उतर आए। कई लोग अपनी बनाई अवैध संरचनाओं की रक्षा करने के लिए जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच कई बार तकरार हुई, लेकिन अदालत के आदेशानुसार बुलडोजर को कार्यवाही के लिए चालू किया गया।

कार्यवाही के दौरान रघुनन्दन पुत्र मासखनलाल, राममोहन पुत्र कनोजीलाल, सतीश कुमार पुत्र रामलाल, तुलसीराम पुत्र रामलाल समेत अन्य लोगों द्वारा तालाब के पास बनाई गई अवैध संरचनाएं ध्वस्त की गईं।
इस अभियान में किसी के मुख्य मकान नहीं तोड़े गए। केवल तालाब के किनारे बने टीन सेट, शौचालय और छोटी-मोटी बाउंड्री जैसी अवैध निर्माण संरचनाओं को हटाया गया।

प्रशासन ने मकान मालिकों को एक महीने का समय दिया है। यदि इस अवधि में वे स्वयं जमीन खाली कर देते हैं तो कार्यवाही नहीं होगी, अन्यथा प्रशासन फिर बुलडोजर चलाएगा। ग्राम लछबाई संजीव कुमार ने अवैध कब्जा की शिकायत पहले जिला प्रशासन से की थी उसके बाद, हाई कोर्ट में मुकदमा दायर की किया था। इसके आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है।
