नित्य अन्नदान ट्रस्ट के तहत सुबह और शाम 100 लोगों को मिलेगा भोजन, कुलपति ने किया शुभारंभ
सैफई (इटावा) : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में शनिवार से गरीब मरीजों के तीमारदारों के लिए निशुल्क भोजन सेवा शुरू की गई है। नित्य अन्नदान ट्रस्ट के तहत फिलहाल प्रतिदिन सुबह और शाम 100 लोगों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस सेवा का शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। गेट नंबर 1 के पास रेन बसेरा के समीप बने भोजन कक्ष में यह व्यवस्था की गई है। दोपहर 12 से 1 बजे और शाम 6 से 7 बजे तक गरीब तीमारदारों को भोजन दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह सेवा उन परिवारों के लिए है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मरीजों के साथ अस्पताल में रहकर बाहर भोजन की व्यवस्था करने में असमर्थ रहते हैं।

कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने कहा कि मुझे खुशी है कि ‘नित्य अन्नदान ट्रस्ट’, जो लंबे समय से निष्क्रिय था, अब पुनः समाज के सहयोग से सक्रिय हुआ है। यह ट्रस्ट उन लोगों की मदद के लिए बनाया गया था जिनके पास साधन सीमित हैं। हमारा उद्देश्य यह है कि मरीजों के साथ रहने वाले तीमारदारों को भी सम्मानपूर्वक भोजन मिल सके। वर्तमान में भर्ती मरीजों को पहले से ही निशुल्क भोजन दिया जा रहा है, जबकि अब तीमारदारों के लिए भी यह व्यवस्था शुरू की गई है। जो लोग सक्षम हैं उन्हें मामूली शुल्क पर भोजन मिलेगा और अत्यंत गरीबों को पूरी तरह निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

कुलपति ने बताया कि फिलहाल सुबह और शाम 100 लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसे आगे बढ़ाकर 500 लोगों तक किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि समाज के सक्षम लोग ट्रस्ट के खाते में सहयोग करें ताकि सेवा का विस्तार किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रस्ट के धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा और उसका नियमित लेखा-जोखा रखा जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) रमाकांत ने कहा कि नित्य अन्नदान ट्रस्ट की शुरुआत विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति ब्रिगेडियर (डॉ.) टी. प्रभाकर के कार्यकाल में की गई थी। कोरोना काल के बाद यह सेवा बंद हो गई थी, लेकिन अब कुलपति प्रो. अजय सिंह के मार्गदर्शन में इसे पुनः प्रारंभ किया गया है। इसका उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई तीमारदार भूखा न रहे। यह सेवा विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के. बी. अग्रवाल ने बताया कि यह पहल विश्वविद्यालय के सामाजिक सरोकारों को और मजबूत करेगी। ट्रस्ट के संचालन में उपाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) आदेश कुमार और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. पी. सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस मौके पर दिन पैरामेडिकल डॉ, जितेंद्र कुमार मथुरिया, प्रोफेसर डॉक्टर सुनील कुमार विभाग अध्यक्ष ऑर्थोपेडिक्स, डिप्टी एमएस प्रोफेसर डॉक्टर विजय मिश्रा, डॉ सुशील कुमार यादव, डॉ हरीश, डॉ पुष्पेंद्र यादव, प्रीति श्रीवास्तव, कंबाइंड इंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव,उपाध्यक्ष योगेश यादव, नर्सिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनिल गोयल आदि मौजूद रहे।
