सैफई (इटावा) : कर्री-छिमारा मार्ग पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टिमरुआ कट के पास शनिवार रात सड़क हादसे में कांवड़ यात्रा पर जा रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। फर्रुखाबाद जल भरने जा रहे दोनों युवक तेज रफ्तार बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर आए एक सांड से टकरा गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और विशेषज्ञों की टीम इलाज में जुटी है।
घायलों की पहचान जिला मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के ग्राम सैलामऊ निवासी इंद्रेश कुमार 35 बर्षीय पुत्र शिशुपाल व संजीव कुमार 45 बर्षीय पुत्र अरविंद कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बाइक सवार कांवड़ यात्रा पर जल भरने के लिए शनिवार रात करीब 9 बजे फर्रुखाबाद जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
