सैफई : सहकारी ग्राम विकास बैंक, सैफई शाखा के प्रतिनिधि पद के चुनाव में विजयी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र यादव टिन्नी प्रधान के सम्मान में शुक्रवार को सैफई में स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सेक्टर प्रभारियों, प्रधानों, पूर्व प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया, जबकि विजयी प्रत्याशी को फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर रहा, जब सहकारी ग्राम विकास बैंक सैफई शाखा के प्रतिनिधि पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि नामांकन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी तो खड़ा किया, लेकिन न तो कोई एजेंट बनाया गया और न ही कोई पदाधिकारी मतदान के दिन सक्रिय नजर आया, जिसका असर परिणाम में स्पष्ट रूप से दिखा।

देवेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व मंत्री एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने उन्हें प्रत्याशी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी थी, और उनकी देखरेख में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अपने पद की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाते हुए किसानों और जरूरतमंदों की आवाज मजबूती से उठाएंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को सैफई ब्लॉक से और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि सैफई ब्लॉक में समाजवादी पार्टी का संगठन मजबूत है और यह जीत जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। आने वाले समय में भी पार्टी इसी एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगी।

विधानसभा अध्यक्ष जसवंतनगर रामनरेश यादव ने कहा कि यह परिणाम बताता है कि संगठन ने बूथ स्तर तक जिम्मेदारी निभाई है। हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता ने अनुशासन और समर्पण के साथ काम किया, जिसका सीधा लाभ पार्टी को मिला है। वहीं प्रधान संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदगीराम यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज रही है।

सहकारी बैंक के इस चुनाव में मिली जीत उसी भरोसे की पुष्टि करती है। कार्यक्रम में सैफई ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य, सेक्टर प्रभारी अमलेश यादव, अरविंद यादव, सतीश यादव, सहित गजेंद्र आचार्य, राकेश यादव, राजवीर, बाबा आदेशवीर, गनेश फौजी मोहनपुरा, चरन सिंह यादव, उपेंद्र यादव, अमलेश शाक्य, पुनीत पाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
