सैफई इटावा : जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस (12566) से यात्रा कर रहे एक युवक को किसी ने पीछे से धक्का दे दिया, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार,दिल्ली–हावड़ा रेलमार्ग पर राजपुर गांव के पास पोल संख्या 1177 के समीप रात करीब आठ बजे यह घटना हुई। घायल युवक की पहचान रूपेश कुमार 21 बर्षीय पुत्र रामरतन चौधरी निवासी रतवारा बिंद्वारा, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। वह नई दिल्ली से अपने घर मुजफ्फरपुर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से धक्का दे दिया, जिससे वह ट्रेन से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल रूपेश ने हिम्मत जुटाकर रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही बलरई स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। राजपुर गांव निवासी सौरभ दुबे ने भी घटना की जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को दी, जिसके बाद सिविल पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और निजी घर लौट रहा था। हादसे में उसके दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया है तथा सिर में गहरी चोटें आई हैं।
फोटो – घायल युवक का इलाज करते हुए नर्सिंग ऑफिसर उमेश सिसोदिया
