सैफई: क्षेत्र से जुड़े समाजसेवी सुनील कुमार यादव ने एक शोक संतप्त परिवार के लिए बड़ी मानवीय पहल करते हुए मृतक की पत्नी को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की घोषणा की है। उनके इस कदम की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
बताया गया कि थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर निवासी रोहित यादव की 5 अप्रैल 2026 को चंदौली जनपद में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और आर्थिक संकट भी गहरा गया।
सोमवार को मृतक के पैतृक गांव पृथ्वीपुर में शांति यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
इस दौरान करहल क्षेत्र के गांव हवलिया, पोस्ट मोहम्मदपुर निवासी समाजसेवी सुनील कुमार यादव भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने मंच से शोक व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की।
समाजसेवी सुनील कुमार यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह मृतक की पत्नी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करेंगे और उनके भरण-पोषण के लिए हर माह तीन हजार रुपये पेंशन देते रहेंगे।
उनकी इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
