सैफई: बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए समाज की सजगता सबसे बड़ा हथियार है। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत थाना सैफई परिसर में आयोजित जागरूकता चौपाल में एएचटी प्रभारी प्रेमचंद ने स्पष्ट कहा कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है और यह दंडनीय अपराध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर चुप न रहें और समय रहते प्रशासन को सूचना दें।

एएचटी प्रभारी प्रेमचंद ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई नहीं है, बल्कि यह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और मानसिक विकास के साथ खिलवाड़ है। कम उम्र में विवाह से बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है, जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ जाता है और उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने कहा कि कानून ने बच्चों की सुरक्षा के लिए उम्र की स्पष्ट सीमा तय की है, जिसका पालन सभी को करना चाहिए।
चौपाल के दौरान प्रेमचंद ने अपनी टीम के साथ लोगों को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकने के लिए पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, चाइल्ड लाइन और प्रशासन संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। टीम की ओर से पोस्टर और पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया और शिकायत तंत्र की जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी ने भी चौपाल में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि बाल विवाह कराना या उसमें सहयोग करना अपराध है। उन्होंने कहा कि समाज यदि समय रहते सूचना देगा तो प्रशासन कार्रवाई कर बच्चों का भविष्य सुरक्षित कर सकेगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि यदि कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या आशंका हो तो चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन, पुलिस, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, बाल कल्याण समिति या जिला प्रशासन को तुरंत सूचना दी जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे लोग बिना किसी डर के आगे आ सकें।
जागरूकता चौपाल में महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस प्रशासन और चाइल्ड लाइन की टीम के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी, एएचटी प्रभारी प्रेमचंद, अवधेश कुमार, उपनिरीक्षक हेमंत, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक संजय कुमार दुबे, विनोद शुक्ला, प्रीती, अर्पित चाइल्ड लाइन सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित
