सैफई: उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में बच्चों के सर्वांगीण विकास और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए बाल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 200 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।

कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करते हैं।

कुलपति ने आयोजकों, सहयोगियों और अभिभावकों को बच्चों के लिए मंच प्रदान करने के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं में मंकी जंप, म्यूजिकल चेयर और ड्राइंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सभी प्रतियोगिताएं व्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुईं। उत्साह और आनंद से भरे बच्चों के चेहरे कार्यक्रम की सफलता का प्रमाण रहे। प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप मेडल प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों के मनोरंजन के लिए स्टॉल लगाए गए, जिनमें बताशे, टिक्की, छोले-कुलचे और अन्य व्यंजन उपलब्ध कराए गए। इस आयोजन में किड्स केयर स्कूल, सैफई, पार्थ मेडिकल स्टोर, सैफई और सैफई ग्रोसरी स्टोर ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. डॉ. विजय कुमार, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ कर्मचारी, शिक्षकगण और स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्य मनोज कुमार मौर्य, शिवानंद मौर्य, विजय कुमार यादव, उमेश यादव, पवन कुमार, रमेश बिसारिया, राघवेंद्र मासाब, बद्री राम, मयंक मिश्रा, गजेंद्र श्रीवास, अबरार, गौरव गोस्वामी, देवेश पांडेय, गिरीश, सौमित्र बाजपेई और गौरव श्रीवास्तव बच्चों के उत्साह और कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय भूमिका निभाते नजर आए।
