सैफई : शिक्षा और ज्ञान के प्रसार को लेकर ग्राम पंचायत कुईया के गांव नगलाश्री में रविवार को एक नई और सराहनीय पहल की गई। पंचायत भवन परिसर स्थित बारात घर में नवनिर्मित लाइब्रेरी का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख मृदुला यादव, सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) प्रवीन मिश्रा तथा ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मृदुला यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की मजबूत आधारशिला रखने के लिए इस तरह की लाइब्रेरी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों को गांव में ही पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देगी, जिससे उन्हें बाहर भटकना नहीं पड़ेगा।
लाइब्रेरी में एक समय में 15 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था की गई है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के साथ-साथ सामान्य अध्ययन की सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही वाई-फाई सुविधा और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की गई है, जिससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम के दौरान एडीओ आईएसबी प्रवीन मिश्रा ने कहा कि यह लाइब्रेरी ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे गांव के युवा पढ़ाई के प्रति अधिक जागरूक होंगे और उनका समय रचनात्मक गतिविधियों में लगेगा।

ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार यादव ने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव के भविष्य को संवारने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पंचायत का उद्देश्य है कि हर बच्चा शिक्षा से जुड़े और आगे बढ़े। इसके लिए ग्रामीणों से अधिक से अधिक पुस्तकें दान करने की अपील की गई, ताकि लाइब्रेरी को समृद्ध बनाया जा सके।

इसी क्रम में पंचायत सचिव नागेंद्र यादव को पुस्तक दान अभियान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लाइब्रेरी गांव की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देगी और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की नींव रखेगी। इस मौके पर एडियो पंचायत इम्तियाज अतहर, ग्राम रोजगार सेवक सत्येंद्र कुमार पूर्व प्रधान संतोष शाक्य, चंदन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
