सैफई : सैफई और बसरेहर ब्लॉक में बिजली व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। दोनों ब्लॉकों की कई ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने करीब 350 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला को सौंपकर बसरेहर फीडर पर तैनात जूनियर इंजीनियर अजय पाल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
शिकायत के अनुसार, सैफई ब्लॉक की ग्राम पंचायत भदेई काशीपुर के प्रधान बलराम सिंह, बसरेहर ब्लॉक की प्रधान ज्ञान देवी, ग्राम पंचायत खड़ौली की प्रधान शशि प्रभा, ग्राम पंचायत खरदुली के प्रधान ईश्वरी दया और ग्राम पंचायत खुड़ीसर के प्रधान रामनरेश ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अव्यवस्थित हो चुकी है और आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ स्थानों पर अवैध रूप से संचालित छोटे-छोटे कारखानों को लाभ पहुंचाने के लिए रात के समय गांवों की लाइन से ही बिजली आपूर्ति कराई जाती है। इसके चलते घरेलू उपभोक्ताओं के हिस्से की बिजली काट दी जाती है, जिससे गांवों में अंधेरा छा जाता है और लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित जेई अजय पाल गृह जनपद में तैनाती का लाभ उठाकर प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे नियमों की अनदेखी हो रही है और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रधानों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध कनेक्शनों को तत्काल बंद कराने और संबंधित जेई का अन्य जनपद में स्थानांतरण करने की मांग की है।
