सैफई: शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सैफई क्षेत्र के कौशल्या ग्रुप द्वारा संचालित शिवपुरी टिमरूआ स्थित कौशल्या देवी बालिका इंटर कॉलेज के निदेशक डॉ. विकास कुमार को नेशनल स्किल एंड वोकेशनल एजुकेशन काउंसिल, नई दिल्ली की ओर से आयोजित नेशनल एजुकेशन समिट 2025 में मानद उपाधि देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर का यह समारोह 27 दिसंबर को रेडिसन ब्लू होटल, कौशांबी, दिल्ली एनसीआर में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर और विदेश से चयनित शिक्षाविदों और शिक्षा संस्थान प्रमुखों को उनके शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, कौशल विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

कौशल्या ग्रुप के द्वारा सैफई क्षेत्र के शिवपुरी तिमरुआ में कौशल्या देवी बालिका इंटर कॉलेज, जनपद इटावा में नशा मुक्ति केंद्र ,जनपद औरैया, फर्रुखाबाद, मैनपुरी आदि जनपदों में एच आई वी / एड्स सेंटरो का संचालन कर जन मानस को लाभ पहुंचाया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, डॉ. विकास कुमार को यह सम्मान ग्रामीण क्षेत्र में बालिका शिक्षा को मजबूती देने, शैक्षणिक अनुशासन स्थापित करने और शिक्षा के स्तर को निरंतर बेहतर बनाने के लिए दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया। कौशल्या देवी बालिका इंटर कॉलेज के माध्यम से उन्होंने छात्राओं की शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी नई दिशा दी है।
राष्ट्रीय मंच पर डॉ. विकास कुमार को मिले इस सम्मान से सैफई क्षेत्र के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व की उपलब्धि बताते हुए बधाई दी है।
