सैफई : बघुईया गांव के ट्रक चालक को कार में डालकर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए स्वजनों ने ट्रक मालिक व उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी है। घटना को लेकर गांव में हलचल रही, वहीं ट्रक मालिक ने इसे रुपये के लेनदेन का विवाद बताया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्राम बघुईया निवासी देवेंद्र ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका छोटा भाई प्रवेश उर्फ बब्बू 24 बर्षीय गांव के ही सुनील कुमार का ट्रक चलाता है। आरोप है कि ट्रक पर कार्य के दौरान करीब तीन महीने का भुगतान बाकी था। दो अप्रैल को सुनील कुमार अपने पांच-सात साथियों के साथ कार से गांव पहुंचा और बबलू के घर के पास से प्रवेश को जबरन अपने साथ ले गया। स्वजनों का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। स्वजनों के अनुसार मारपीट का वीडियो कॉल के माध्यम से दूसरे ट्रक चालक को दिखाया गया और उससे जुड़े फोटो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुए। जानकारी मिलने पर स्वजनों ने डायल 112 पर सूचना दी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। शनिवार शाम ट्रक मालिक सुनील कुमार स्वयं प्रवेश को लेकर थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग पूछताछ की।
ट्रक मालिक का कहना है कि चालक के पास उसके करीब 39 हजार रुपये बकाया थे, जो वापस नहीं किए जा रहे थे। इसी कारण उसे अपने साथ ले जाया गया था और ट्रक चलवाकर रकम समायोजित करने की बात कही गई थी। वहीं, प्रवेश के स्वजनों का आरोप है कि उसे गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया है और उसके शरीर व चेहरे पर चोट के निशान हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्रवेश की मां अनारश्री ने बताया कि घर की जिम्मेदारी उसी पर है और उसके साथ हुई मारपीट से सभी लोग भयभीत है।
रविवार को करीब दो दर्जन ग्रामीण थाने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का पक्ष
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला रुपये के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
