(वी पी सिंह सैफई)
सैफई : जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अद्यतन और सही-सही तैयार करने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)
अभियान 4 नवम्बर 2025 से प्रारंभ कर दिया गया है। अभियान के अंतर्गत विकास खंड सैफई के 10 सेक्टरों में कुल 99 बूथों पर घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत तथा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन और आवश्यक संशोधन का कार्य कराया जा रहा है।

अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सदस्य जिला पंचायत डॉ अरविंद यादव सहसारपुर निवासी को विकास खंड सैफई का प्रभारी तथा 199 विधानसभा अध्यक्ष रामनेश यादव पिडारी निवासी को सह प्रभारी नियुक्त किया है। दोनों को बूथ स्तर पर पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी, समीक्षा और समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान की प्रगति की समीक्षा और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को बूथ स्तर तक स्पष्ट करने के लिए रविवार, 9 नवम्बर 2025 को सुबह 10 बजे सैफई स्थित एसएस मेमोरियल स्कूल में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विधायक शिवपाल सिंह यादव की उपस्थिति में जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित संगठन के अन्य जिम्मेदार कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में बूथवार कार्ययोजना, फील्ड सत्यापन व्यवस्था और टीमों के समन्वय पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विकास खंड सैफई के प्रभारी बनाए गए डॉ अरविंद यादव ने कहा कि यह जिम्मेदारी सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक बूथ पर कार्य की निगरानी प्रतिदिन की जाएगी और पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाएगा, ताकि मतदाता सूची अद्यतन और त्रुटिरहित रूप में तैयार हो सके। सह प्रभारी 199 विधानसभा अध्यक्ष रामनेश यादव ने कहा कि सेक्टर और बूथ स्तर की पूरी टीम के साथ समन्वय में रहकर अभियान को सफल बनाने का कार्य किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि पात्र प्रत्येक व्यक्ति का नाम सूची में जुड़ जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित कारण से न हटे।
