सैफई: गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सैफई तहसील क्षेत्र को पुलिसिंग की बड़ी सौगात मिली। सैफई से इटावा जाने वाले मुख्य मार्ग पर नगला बरी चौराहे के पास नव निर्मित पुलिस चौकी का शुभारंभ एसएसपी ने किया।

थाना वैदपुरा क्षेत्र में पहली बार नव निर्मित पुलिस चौकी बरी का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। यह चौकी नगला बरी चौराहे पर स्थित है, जो इटावा–मैनपुरी मुख्य मार्ग और सैफई हवाई पट्टी को जोड़ने वाले रास्ते पर होने के कारण रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शुभारंभ के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकी भवन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत चौकीदारों को कंबल व टॉर्च वितरित कर उन्हें कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पुलिस चौकी महज दो सप्ताह के भीतर बनकर तैयार की गई है। सीओ सैफई केपी सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने लगातार दिन-रात मौके पर उपस्थित रहकर निर्माण कार्य को समय से पूर्ण कराया। सीमित समय में चौकी का निर्माण पूरा होना पुलिस प्रशासन की तत्परता को दर्शाता है।

यह पुलिस चौकी थाना वैदपुरा क्षेत्र की पहली चौकी है। इसके शुरू होने से अब स्थानीय लोगों को शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना वैदपुरा तक नहीं जाना पड़ेगा। चौकी स्तर पर ही जनसुनवाई, त्वरित कार्रवाई और क्षेत्रीय निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चौकी पर उपनिरीक्षक और कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। चौकी के संचालन से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था और सैफई हवाई पट्टी की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

एसएसपी ने बताया कि जिस भूमि पर पुलिस चौकी का निर्माण किया गया है, वह लगभग 70 वर्षों से पुलिस विभाग के नाम दर्ज थी। जानकारी मिलने के बाद यहां चौकी का निर्माण कराकर गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इसका शुभारंभ किया गया, जो पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है।

इस मौके पर एसपी ग्रामीण, सीओ सैफई केपी सिंह, थाना अध्यक्ष वैदपुरा सहित सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह,
सीओ ट्रैफिक रामगोपाल शर्मा,
सीओ भरथना,सीओ चकरनगर समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
