सैफई : इटावा जिले में ताखा कस्ब के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में बाराबंकी की हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दिनेश रावत के छोटे भाई मिथलेश रावत (चालक) की मौत हो गई। हादसे में कार सवार दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना सुबह लगभग साढ़े पांच बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 117.5 कुरखा गांव के पास हुई।
बताया गया कि विधायक के छोटे भाई तीन लोगों के साथ दिल्ली से वापस लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में ड्राइवर हाफिज को अचानक नींद महसूस हुई, जिस पर कार को रोका गया और ड्राइवर बदलने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान गाड़ी की खिड़की खुली होने पर डंपर ने कार को साइड से टक्कर मार दी। कार में कुल तीन लोग सवार थे जिसमें मिथलेश रावत, निवासी मिरापुर, थाना कोठी, जिला बाराबंकी, हाफिज, निवासी मिरापुर, दिलीप पटेल निवासी मिरापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश
मौके पर पहुंची यूपीडा की एम्बुलेंस ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई भेजा। वहीं, उपचार के दौरान मिथलेश रावत ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना विधायक दिनेश रावत को दे दी गई है और वे सैफई पहुँचे। जानकारी पर जिलाधिकारी इटावा शुभ्रांत शुक्ला, एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एवं इटावा जिले के भाजपा के तमाम नेता सैफई पहुंचे। जहां पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है।
