सैफई:होली के त्योहार पर सैफई क्षेत्र में जाम के शौकीनों ने जमकर शराब की खरीदारी की। आबकारी विभाग के अनुसार होली के मौके पर तीन दिनों में करीब 20 लाख रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई।
आबकारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि सैफई क्षेत्र में कुल 17 शराब की दुकानें संचालित हैं। इनमें देसी, अंग्रेजी और बीयर की दुकानें शामिल हैं। सामान्य दिनों की तुलना में होली के पर्व पर शराब की बिक्री में लगभग डेढ़ गुना तक बढ़ोतरी हो जाती है। उन्होंने बताया कि एक मार्च से तीन मार्च के बीच होली के अवसर पर दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। इसी दौरान सैफई सर्किल की दुकानों से करीब 20 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई।
त्योहार के चलते होली से एक दिन पहले और होली के दिन दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। कई लोगों ने होली के जश्न और मिलन कार्यक्रमों के लिए पहले से ही शराब की खरीदारी कर ली थी, जिससे दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
आबकारी विभाग के अनुसार त्योहार के दौरान क्षेत्र में शराब की बिक्री पर लगातार नजर रखी गई, ताकि निर्धारित नियमों के अनुसार ही बिक्री हो सके और किसी प्रकार की अनियमितता न होने पाए।
