सैफई : तहसील परिसर स्थित सीओ कार्यालय (सीओ पेशी) में तैनात पुलिस कांस्टेबलों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक विकलांग व्यक्ति का खोया हुआ मोबाइल फोन सुरक्षित वापस लौटाया। उनकी इस पहल की तहसील परिसर में मौजूद लोगों ने सराहना की। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम कछपुरा निवासी विकलांग व्यक्ति सुधीर कुमार किसी आवश्यक कार्य से तहसील परिसर आए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन सीओ पेशी के आसपास गिर गया, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं हो सकी। कुछ समय बाद सीओ कार्यालय में तैनात कांस्टेबल सत्येंद्र चौधरी और रवी चौधरी को एक मोबाइल फोन पड़ा मिला। दोनों कांस्टेबलों ने मोबाइल पर कॉल कर उसके स्वामी की जानकारी जुटाई और पहचान सुनिश्चित होने के बाद मोबाइल फोन सुधीर कुमार को सुरक्षित सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर सुधीर कुमार ने पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कांस्टेबलों की इस ईमानदार कार्यप्रणाली से पुलिस की सकारात्मक छवि और मजबूत हुई है।
