सैफई : गुरुवार शाम करीब छह बजे सैफई रोडवेज बस स्टैंड पर पुराने विवाद में मारपीट के बाद एक युवक को तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली युवक की बाईं कमर में ऊपर की ओर लगी है, जो शरीर में फंसी हुई बताई जा रही है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर घायल को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल की पहचान अभिषेक उर्फ प्रिया 20 बर्षीय पुत्र उमाशंकर, निवासी चौबेपुर, थाना सैफई के रूप में हुई है। घायल अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार शाम अपने दोस्तों प्रवीन निवासी ग्राम बघुईया, रघुवीर निवासी नगला अजॉब थाना सैफई, शिवम निवासी लाधपुरा करहल और पुनीत के साथ सैफई रोडवेज बस स्टैंड पर शिफ्ट कार में बैठे थे। इसी दौरान करहल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला विहारी निवासी आशीष भोकाली अपने साथ गौतम, रवि उर्फ बजरंग दल, रानू सहित सात–आठ अज्ञात युवकों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने पहले कार पर डंडों से हमला किया और मारपीट की। इसके बाद तमंचे से फायर किया गया, जिसमें एक गोली अभिषेक को लग गई। घायल हालत में अभिषेक को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ केपी सिंह, प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी, उपनिरीक्षक अंकित पटेल और उपनिरीक्षक हेमंत कुमार पुलिस बल के साथ ट्रामा सेंटर पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है।
बताया गया कि अभिषेक की शादी हो चुकी है। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का है। अभिषेक नोएडा में टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है, जबकि उसके पिता किसान हैं। बताते चलें कि नामजद आरोपी सोशल मीडिया पर ‘रवि बजरंग दल’ और ‘आशीष भोकाली’ नाम से सक्रिय बताए जा रहे हैं। घटना के पीछे पुराना आपसी विवाद चल रहा है।
सीओ केपी सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
