सैफई (इटावा) : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विश्वविद्यालय में चल रही गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। कुलपति ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास के लिए 100 दिन का एजेंडा तैयार किया था, जिसे मुख्यमंत्री जो स्वयं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। उनके समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह एजेंडा सार्वजनिक भी किया गया था। अब उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया गया।

मुलाकात के दौरान प्रो. अजय सिंह ने उपमुख्यमंत्री को बुके भेंट किया और विश्वविद्यालय में चिकित्सा शिक्षा, शोध और मरीजों के बेहतर इलाज की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रदेश को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कुलपति को आश्वस्त किया कि सरकार चिकित्सा विश्वविद्यालय को हर संभव सहयोग देगी ताकि यहां की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ हो सकें।
