सैफई: मुख्यमंत्री उद्यमी युवा योजना सैफई क्षेत्र के युवाओं के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है। योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक की सैफई शाखा ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में 40 युवाओं को कुल सवा करोड़ रुपये का बैंक क्रेडिट स्वीकृत किया है। ऋण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाकर युवाओं को छोटे उद्योग, सर्विस यूनिट, दुकानों तथा स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में यह पहल क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बढ़ा रही है।

योजनाओं की जानकारी देते हुए सैफई शाखा प्रबंधक गंगा चरण यादव ने बताया कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं और किसानों को समय पर सही वित्तीय सहयोग देकर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि उद्यम योजना के तहत युवाओं में व्यवसाय शुरू करने की इच्छा बढ़ी है और सैफई कस्बे में छोटे उद्यमों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। किसानों के लिए भी बैंक की पहल बड़ी राहत लेकर आई है। शाखा द्वारा इस वर्ष करीब 150 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं, जिनकी संयुक्त क्रेडिट सीमा लगभग तीन करोड़ रुपये है। इससे किसानों को खाद बीज खरीदने, मशीनरी लेने, सिंचाई व्यवस्था सुधारने और खेती के अन्य मौसमी खर्चों में त्वरित वित्तीय सहायता मिल रही है।

बड़े किसानों के लिए किसान समृद्धि कैश क्रेडिट योजना भी काफी लाभकारी सिद्ध हो रही है। 20 बीघा से अधिक भूमि वाले किसानों को बैंक व्यापारियों की तर्ज पर कैश क्रेडिट सुविधा उपलब्ध करा रहा है। इस योजना की खासियत यह है कि किसान को केवल उतनी ही राशि पर ब्याज देना होता है, जितनी वह उपयोग करता है, जिससे खेती की लागत कम होती है और निवेश की क्षमता बढ़ती है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं को तेजी से लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पात्र आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शाखा में प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सरल रखी गई है। उन्होंने कहा कि बैंक में मुख्यमंत्री उद्यम योजना के साथ–साथ मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, महिला स्वयं सहायता समूह ऋण और लघु उद्यम से जुड़ी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे बैंक शाखा में आकर योजनाओं की जानकारी अवश्य लें, ताकि कोई भी पात्र युवक, किसान या महिला लाभ से वंचित न रह जाए।
